nNBT न्यूज, लखनऊ : केजीएमयू में पकड़े गए फर्जी डॉक्टर हस्साम अहमद की निशानदेही पर खुफिया एजेंसियों ने गुरुवार को कई फर्जी शैक्षिक और चिकित्सीय दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपित का पासपोर्ट भी जब्त कर लिया है और उसकी विदेश यात्राओं का ब्योरा खंगाला जा रहा है।
केजीएमयू प्रशासन ने मंगलवार को शक के आधार पर हस्साम को पकड़कर चौक पुलिस के हवाले किया था। वह पिछले चार वर्षों से फर्जी डॉक्टर बनकर सक्रिय था और इलाज के नाम पर मरीजों से धन उगाही करता था। पूछताछ में सामने आया कि बरामद दस्तावेज पूरी तरह फर्जी हैं और इन्हें तैयार करने में एक संगठित नेटवर्क की भूमिका हो सकती है। खुफिया एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस गिरोह में कितने लोग शामिल हैं और उनकी भूमिका क्या है। आरोपित के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) भी खंगाली जा रही है, जिससे उसके संपर्कों की पहचान की जाएगी। जांच में उसके सोशल मीडिया अकाउंट से भी अहम सुराग मिले हैं, जिनके जरिए वह अपना नेटवर्क बढ़ा रहा था। सूत्रों के मुताबिक हस्साम के संपर्क कई जिलों के चिकित्सकों और मेडिकल छात्रों से जुड़े हैं, जिनमें कुछ हृदय रोग विशेषज्ञ भी शामिल बताए जा रहे हैं। वहीं धर्मांतरण से जुड़े पहलुओं में अभी तक कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिले हैं। पुलिस टीमें आरोपित के पैतृक निवास गोंडा भेजी जा रही हैं।


