खोदाई से अपार्टमेंट की दीवार में दरार, सड़क धंसी

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ में कृतिका अपार्टमेंट के पास बेसमेंट की खोदाई में लापरवाही बरती गई। सुरक्षा मानकों की अनदेखी से अपार्टमेंट की दीवार में दरार आ गई और सड़क भी धंस गई। एलडीए ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। निवासियों ने निर्माण कार्य पर रोक लगाने की मांग की है।

lucknow wall of kritika apartment cracks due to basement excavation road sinks

nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : सीजी सिटी योजना क्षेत्र स्थित कृतिका अपार्टमेंट के पड़ोस में चल रही बेसमेंट खोदाई में गंभीर लापरवाही सामने आई है। निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण अपार्टमेंट की बाउंड्रीवाल में दरार आ गई, जबकि परिसर की सड़क भी धंस गई।

LDA द्वारा निर्मित करीब 350 फ्लैट्स वाले कृतिका अपार्टमेंट के पास प्लॉट संख्या ए-31 पर एक निजी बिल्डर द्वारा बेसमेंट की खोदाई की जा रही है। आरोप है कि खोदाई के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए। इसी वजह से अपार्टमेंट की पश्चिम दिशा की बाउंड्रीवाल में दरार आ गई। बताया जा रहा है कि उक्त प्लॉट पर मेसर्स डीपीएस कॉन्ट्रेक्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा निर्माण करवाया जा रहा है। कंपनी पर अपार्टमेंट के आवंटियों के लिए निर्धारित कार पार्किंग स्थल पर टिन शेड लगाकर कब्जा करने का भी आरोप है। LDA के अपर सचिव ज्ञानेंद्र वर्मा ने नोटिस जारी कर मामले की जांच का आदेश दिया है। वहीं, अपार्टमेंट के निवासियों ने जोनल अधिकारी जोन-1 देवांश त्रिवेदी से शिकायत करते हुए मांग की है कि जब तक सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित न हो, तब तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए।