n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
नक्शा प्रॉजेक्ट के तहत मानेसर नगर निगम एरिया में चल रहे सर्वे की निगम कमिश्नर ने गुरुवार को समीक्षा की। दरअसल, डिजिटल इंडिया लैंड रेकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत भू-मालिकों की पहचान के लिए केंद्र सरकार ने यह प्रॉजेक्ट शुरू किया है। नक्शा प्रॉजेक्ट के तहत निगम क्षेत्र की निजी, सरकारी सभी भूमि का रेकॉर्ड तैयार किया जा रहा है। जिला राजस्व विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है। टीम गांवों, सेक्टरों, वाणिज्यिक संस्थानों आदि जगह में सर्वे कर रही है। मालिकों से भूमि के दस्तावेज और उन ब्यौरा लिया जा रहा है। सर्वे पूरा होने पर संपत्ति विवादों, अवैध कब्जों पर रोक और भूमि स्वामित्व की पहचान आसानी से हो सकेगी। ड्रोन और अन्य तकनीकी साधनों से जमीन का सर्वे किया जा रहा है। डिजिटल नक्शे भी बनाए जाएंगे। कमिश्नर ने टीम की ओर से किए गए कामों की समीक्षा करते हुए काम में तेजी लाने के निर्देश दिए। 27 अप्रैल तक लक्ष्य पूरा करने की बात कही। राजस्व विभाग की ओर से पटवारियों की भी ड्यूटी लगाई गई है। पटवारियों से सर्वे टीम और राजस्व रेकॉर्ड का मिलान किया जाएगा। बैठक में जॉइंट कमिश्नर पुनीत कुमार, लोकेश यादव, डीटीपी राजेंद्र शर्मा, एसडीओ संजोग शर्मा, राजस्व विभाग के पटवारी सहित सर्वे टीम के कर्मचारी व अन्य लोग मौजूद रहे।


