INC से मंजूरी बिना नर्सिंग कॉलेजों में दाखिला, सीएम से गुहार

नवभारतटाइम्स.कॉम

उत्तर प्रदेश में नर्सिंग कॉलेजों में दाखिले को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राजकीय नर्सेज संघ का आरोप है कि कई कॉलेज बिना इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) की मंजूरी के छात्रों को प्रवेश दे रहे हैं। इससे छात्रों को भविष्य में नौकरी मिलने में परेशानी हो सकती है।

admission in nursing colleges without inc approval crisis on students future plea to cm

n NBT रिपोर्ट, लखनऊ : यूपी में बीएससी नर्सिंग और जीएनएम प्रवेश प्रक्रिया शुरू होते ही मान्यता को लेकर विवाद हो गया है। राजकीय नर्सेज संघ का आरोप है कि प्रदेश में कई नर्सिंग कॉलेज ऐसे हैं जिन्हें इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) से दाखिले की मंजूरी नहीं मिली, फिर भी अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी की प्रवेश परीक्षा के बाद होने वाली काउंसलिंग में उन्हें शामिल किया जा सकता है।

संघ का कहना है कि ऐसे कॉलेजों से पढ़ाई करने वाले छात्रों को यूपी से बाहर या विदेश में नौकरी पाने में दिक्कत आ सकती है, क्योंकि कई जगह INC मान्यता को महत्व दिया जाता है। इसी आधार पर संघ ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भेजकर मांग की है कि INC मान्यता को अनिवार्य किया जाए और उसके बाद ही कॉलेजों को प्रवेश की अनुमति मिले। विश्वविद्यालय ने 20 मई तक आवेदन, 6 जून को परीक्षा और जून के दूसरे सप्ताह में काउंसलिंग का कार्यक्रम तय किया है। वहीं, स्टेट मेडिकल फैकल्टी के रजिस्ट्रार अनुराग श्रीवास्तव के अनुसार 2018 में हाई कोर्ट के आदेश से यूपी के बाहर नौकरी के लिए INC मान्यता की बाध्यता खत्म हुई थी, लेकिन कुछ राज्यों में अलग नियम लागू हैं।