n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद : शहर में पार्किंग में खड़ी कारों को निशाना बनाकर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामलों में सेक्टर-21सी मार्केट, अनखीर और ग्रीनफील्ड कॉलोनी में अज्ञात बदमाशों ने कारों के शीशे तोड़कर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहला मामला सेक्टर-21सी मार्केट का है, जहां युवराज सरधाना अपनी कार लेकर पहुंचे थे। कुछ देर बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि उनकी गाड़ी का पिछला शीशा टूटा और अंदर से बैग गायब था। बैग में एक एचपी कंपनी का लैपटॉप और चार्जर था, जो उनके पिता का सरकारी लैपटॉप बताया गया है। इसी दौरान पास में खड़ी एक अन्य कार का भी शीशा तोड़कर बदमाशों ने बैग से 2500 रुपये नकद, आरसी, पैन कार्ड, एप्पल वॉच और क्रेडिट कार्ड चोरी कर लिए। इस मामले में थाना सूरजकुंड में केस दर्ज किया गया है।
दूसरी घटना ग्रीनफील्ड कॉलोनी क्षेत्र की है। यहां नमन नामक युवक ने शिकायत दी कि वह अपनी कार को जीएस मार्ट के पास खड़ी कर सामान लेने गए थे। करीब 20 मिनट बाद लौटने पर देखा कि गाड़ी का पिछला शीशा टूटा और अंदर रखा बैग गायब था। बैग में एप्पल कंपनी का मेकबुक M2, आईपैड, एयरपॉड्स, चार्जर, 45 हजार रुपये नकद, पर्स में रखे जरूरी दस्तावेज और क्रेडिट कार्ड शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में यह एक ही गिरोह का काम होने की आशंका जताई जा रही है, जो पार्किंग में खड़ी गाड़ियों को निशाना बना रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे गाड़ियों में कीमती सामान न छोड़ें और सतर्क रहें।




