संदिग्ध मांस के साथ युवक पकड़ा, जांच के लिए भेजे जाएंगे सैंपल

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद के बाबा नगर में प्रतिबंधित पशु के मांस की आशंका में एक युवक पकड़ा गया। पुलिस ने युवक और एक दुकान से करीब 16 किलोग्राम मांस बरामद किया। मांस के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

faridabad youth arrested with suspicious meat fear of banned animal slaughter samples sent for investigation

n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद

सेक्टर-19 क्षेत्र के बाबा नगर इलाके में प्रतिबंधिक पशु के कटान की आशंका के बीच एक युवक को संदिग्ध मांस के साथ पकड़े जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके से करीब 16 किलोग्राम मांस बरामद कर उसे जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पल्ला निवासी गौ रक्षा दल के सदस्य पंकज जैन को रविवार सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि बाबा नगर, ओल्ड फरीदाबाद के पास प्रतिबंधित पशु की कटाई की जा रही है। उन्होंने अपने साथियों के साथ इलाके में निगरानी शुरू की। ओल्ड चौक के पास नाकाबंदी के दौरान टीम ने एक बाइक सवार युवक को रोका, जिसकी पहचान सैफ निवासी गांव फतेहपुर के रूप में हुई। जांच के दौरान उसकी बाइक पर रखे कंबल में मांस बरामद हुआ। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह यह मांस बाबा नगर स्थित एक मीट की दुकान से खरीदकर ला रहा था। इसके बाद पुलिस टीम युवक और गौ रक्षक दल के सदस्यों के साथ बताई दुकान पर पहुंची। दुकान बेसमेंट में मिली, वहां से भी मांस बरामद हुआ, हालांकि मौके पर दुकानदार मौजूद नहीं था। पुलिस ने मौके पर मिले मांस का वजन किया, जिसमें युवक से बरामद 9 किलो 320 ग्राम और दुकान से 7 किलो 100 ग्राम मांस सहित कुल करीब 16 किलोग्राम मांस पाया गया। पूरे घटनाक्रम की विडियो रिकॉर्डिंग भी की गई है।

रविवार होने के कारण लैब बंद होने से मांस के सैंपल अगले दिन जांच के लिए भेजे जाएंगे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मांस की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।