n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर में लगातार बढ़ रहे पारे के साथ ही आग की घटनाओं ने भी रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को शहर के तीन अलग-अलग एरिया में आग लगने से हड़कंप मच गया। कहीं आसमान छूती लपटें दिखीं, तो कहीं बिजली के तारों में हुए धमाकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया।
अरावली की पहाड़ियों में बेकाबू हुई आग: सबसे बड़ी घटना टीकली स्थित अरावली की पहाड़ियों में सामने आई। पहाड़ियों पर मौजूद सूखे पेड़-पौधों और पत्तों में अचानक आग लग गई। तेज हवाओं के कारण लपटें तेजी से फैलती चली गईं और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर से देखा गया। भीषण गर्मी और ऊबड़-खाबड़ रास्ता होने के कारण शाम तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। पहाड़ी एरिया में जमा सूखे पत्तों ने आग के लिए ईंधन का काम किया। फायर ब्रिगेड व सिविल डिफेंस की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी रही।
बिजली के पोल से लगी आग, बेजुबान फंसा : सोहना रोड स्थित बादशाहपुर में स्टेट बैंक के सामने एक अस्पताल के बाहर बिजली के पोल पर लगी केबलों में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि पास में खड़ी कई बाइक इसकी चपेट में आ गईं। दुखद पहलू यह रहा कि सीढ़ियों के नीचे बैठा एक बेजुबान जानवर इस आग में फंसगया, जिसे स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही लोगों ने अपने स्तर पर आग को बुझा लिया था।




