nNBT न्यूज, बांदा: महोबा में भाजपा के जिलाध्यक्ष पर पार्टी से निष्कासित की गई युवती ने अश्लीलता का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, कानपुर-बुंदेलखंड के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए दो सदस्यीय समिति गठित कर दी है। प्रदेश उपाध्यक्ष कमलावती सिंह और क्षेत्रीय महामंत्री संतविलास शिवहरे मंगलवार को महोबा पहुंच जांच शुरू करेंगे और तीन दिन में रिपोर्ट सौंपेंगे।
एएसपी महोबा वंदना सिंह के अनुसार सुभाषनगर निवासी युवती ने सोमवार को एसपी से लिखित शिकायत करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा पर कई गंभीर आरोप लगाया है। शिकायतर्ता के अनुसार जिला उपाध्यक्ष बनाए जाने के लिए सैक्सुअल डिमांड की गई। बताया कि पार्टी में जिला महामंत्री रह चुकी है। पिछले दिनों संगठन विस्तार के दौरान जिलाध्यक्ष से विवाद होने पर बाहर कर दिया गया था। युवती ने भाजपा के जिला उपाध्यक्ष जयपाल सिंह और पंकज तिवारी पर भी प्रताड़ना के आरोप लगाए है। वहीं, जिलाध्यक्ष मोहन लाल कुशवाहा ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि संगठन विरोधी कार्यो के चलते पार्टी से निकाले जाने पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। इस बीच पूरे मामले की जानकारी प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, संगठन महामंत्री धर्मपाल के साथ ही जिला प्रभारी को दे दी गई है।




