मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड जारी

नवभारतटाइम्स.कॉम

नीट (यूजी) परीक्षा के लिए 22.79 लाख से अधिक छात्रों के एडमिट कार्ड जारी हो गए हैं। इस बार एमबीबीएस सीटों में पिछले वर्ष की तुलना में इजाफा होने की उम्मीद है। नेशनल मेडिकल कमीशन को नए मेडिकल कोर्स शुरू करने और मौजूदा कॉलेजों में सीटें बढ़ाने के कई आवेदन मिले हैं।

मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट के लिए एडमिट कार्ड जारी

देश के सबसे बड़े मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट NEET (UG) के लिए 22.79 लाख कैंडिडेट्स के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। 2025 के मुकाबले आवेदन करने वाले छात्रों की संख्या में तो 3 हजार का इजाफा हुआ है लेकिन क्या पिछले वर्ष के मुकाबले MBBS की सीटों में ज्यादा इजाफा होगा। पिछले वर्ष 22.76 लाख आवेदन थे और 1.29 लाख एमबीबीएस की सीटे थीं। नैशनल मेडिकल कमिशन (NMC) के सूत्रों का कहना है कि 2026-27 सत्र के लिए MBBS कोर्स शुरू करने के काफी नए आवेदन आए हैं, साथ ही मौजूदा मेडिकल कॉलेजों में MBBS की सीटें बढ़ाने के आवेदन भी मिले हैं। सूत्र बताते हैं कि सीटों की संख्या में अच्छा-खासा इजाफा होगा। कुल कितनी सीटें बढ़ेंगी, इसकी डिटेल अगले कुछ दिनों में सामने आ सकती हैं। MBBS के अलावा बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस), आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध मेडिकल कोर्सेज में दाखिला भी इस टेस्ट के जरिए होता है। मुख्य मुकाबला MBBS के लिए होता है। तीन मई को होने वाला मेडिकल एंट्रेंस एक ही शिफ्ट में होगा। https://neet.nta.nic.in के जरिए एडमिट कार्ड डाउनलोड किए जा सकते हैं। एनटीए ने इस बार 99.2 प्रतिशत कैंडिडेट्स को फर्स्ट- चॉइस सिटी में एग्जाम देने का मौका दिया है जबकि एग्जाम सेंटरों की संख्या करीब-करीब उतनी ही है, जितनी पिछली बार थी। 2026 में मेडिकल एंट्रेंस के लिए 5446 एग्जाम सेंटरों को चुना गया है। इस बार NTA ने कैंडिडेट्स से एग्जाम सिटी के तीन विकल्प मांगे और उसी हिसाब से यह तय किया गया कि छात्र को कौन से शहर में एग्जाम देने का मौका मिलेगा। एनटीए दावा कर रहा है कि करीब-करीब सभी कैंडिडेट्स को उनकी पसंद के शहर में एग्जाम देने का मौका दिया गया है। मेडिकल एंट्रेंस टेस्ट के लिए एनटीए ने 12 अप्रैल को परीक्षा शहर की जानकारी छात्रों को दी थी।