बाइक सवार को पिकअप ने मारी टक्कर, 2 बच्ची समेत 3 की मौत

नवभारतटाइम्स.कॉम

पलवल के पास नेशनल हाईवे पर एक दर्दनाक हादसा हुआ। एक पिकअप ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चला रहे व्यक्ति और दो मासूम बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई। दो महिलाओं को गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

palwal pickup collides with bike 3 including 2 toddler girls die tragic deaths 2 women critical

n NBT न्यूज, पलवल

गांव पृथला के नजदीक नैशनल हाइवे पर रविवार रात करीब 10.30 बजे यूपी के फिरोजाबाद से फरीदाबाद आ रहे बाइक सवार को पिकअप ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक चालक और दो बच्चियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। दोनों महिलाओं को उपचार के लिए दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गदपुरी थाना पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है, लेकिन अब तक आरोपी चालक का पता नहीं चला है।

यूपी के जिला फिरोजाबाद के गांव कनवार निवासी भूरी सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह परिवार सहित फरीदाबाद सेक्टर-62 में रहते हैं। उनका छोटा बेटा भीष्म अपने दो सालों की पत्नी रीवा और रोशनी को फिरोजाबाद से बाइक पर लेकर फरीदाबाद आ रहा था। रीवा की गोद में उसकी 18 महीने की बेटी राधिका व रोशनी की गोद में उसकी चार माह की बेटी कीर्ति थी। पृथला फ्लाईओवर के नजदीक बाइक को मैक्स पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर से बाइक सवार घिसटते चले गए। इस टक्कर में बाइक चालक भीष्म और 18 माह की राधिका तथा चार माह की कीर्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर घायल महिलाएं काफी देर तक बेहोशी की हालत में पड़ी रहीं। वहां से गुजरने वालों ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। रीवा और रोशनी की हालत गंभीर बनी हुई है और उपचार के लिए दिल्ली सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। गदपुरी थाना पुलिस इंचार्ज सब इंस्पेक्टर कुलदीप ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी चालक का पता कर जल्द ही अरेस्ट कर लिया जाएगा।