स्मार्ट मीटर धोखा, शोषण की मशीन...

नवभारतटाइम्स.कॉम

लखनऊ के इंदिरा नगर में महिलाओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने बिजली उपकेंद्र का घेराव कर गेट पर ताला लगा दिया। महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर गरीबों के शोषण का जरिया बन गए हैं। लोग कमाई से ज्यादा बिजली बिल भर रहे हैं।

smart meters become machine of exploitation women lock electricity substation stage fierce protest

n NBT न्यूज, लखनऊ : इंदिरा नगर सेक्टर-25 स्थित बिजली उपकेंद्र पर सोमवार को स्मार्ट मीटर के खिलाफ महिलाओं का गुस्सा फूटा। महिलाओं ने स्मार्ट मीटर को 'धोखा' करार देते हुए उपकेंद्र का घेराव किया और गेट पर ताला जड़ दिया। स्थिति को भांपते हुए उपकेंद्र और मीटर सेक्शन के कर्मचारी दफ्तर छोड़कर चले गए। महिलाओं ने एक्सईएन कार्यालय का गेट भी बंद कर दिया।

 प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही एडवा की प्रदेश अध्यक्ष वंदना राय ने कहा कि स्मार्ट मीटर अब गरीबों के शोषण की मशीन बन चुका है। लोग जितना कमा नहीं रहे, उससे ज्यादा उन्हें बिजली बिल में चुकाना पड़ रहा है। सबसे बड़ी समस्या यह है कि बकाया के नाम पर ऑनलाइन कनेक्शन काट दिए जाते हैं, लेकिन बिल भुगतान के कई घंटों बाद भी बिजली चालू नहीं होती। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मधु गर्ग ने कहा कि लोग मजबूर होकर महीने में तीन से चार बार मीटर रीचार्ज करवा रहे हैं। सरकार केवल हवा-हवाई दावे कर रही है। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल तैनात रहा, जबकि पैनल रूम में मौजूद कर्मचारियों ने खुद को अंदर से लॉक कर लिया। प्रदर्शन में एडवा जिलाध्यक्ष सुशीला, मीरा, सुनीता सहित काफी संख्या में महिलाएं शामिल रहीं।