n NBT न्यूज, ग्रेनो वेस्ट : सेक्टर एक में सड़क खुदाई के दौरान मंगलवार शाम को आईजीएल की गैस पाइप लाइन फट गई। जिससे आसपास की सोसायटियों में गैस की सप्लाई बाधित रही है। आरोप है कि रोड पर पाइप डालने का काम किया जा रहा है,खुदाई के दौरान पाइप फट गया।
ग्रेनो वेस्ट के निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि सेक्टर एरिया में अरिहंत अम्बर, आईजी रॉयल और फ्लोरा हेरिटेज सोसायटी पड़ती है। यहां पर काफी संख्या में परिवार रह रहे है। आरोप है कि अरिहंत अम्बर सोसायटी के सामने शाम के समय सड़क की खुदाई के दौरान गैस की पाइप लाइन फट गई। घरों में गैस की सप्लाई न आने के कारण आसपास की सोसायटियों में रह रहे लोगों ने ग्रुप पर सूचना डाली, जिससे पाइप लाइन फटे होने की जानकारी मिली है। उन्होंने बताया कि अरिहंत अंबर में भी दो टावरों में गैस की समस्या रही। इसके साथ ही आसपास की सोसायटी में रह रहे लोगों को गैस की सप्लाई न आने के कारण दिक्कत हुई है। गैस की पाइप लाइन फटने की वजह से लगातार गैस का तेजी से रिसाव हो रहा था। ऐसे में लोगों ने तत्काल शिकायत दी, इसके बाद आधे घंटे में स्थिति को काबू किया गया।




