nटीम NBT, लखनऊ : सरोजनीनगर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान किसानों के हंगामे से अफसरों के सामने स्थिति तनावपूर्ण हो गई। अलीनगर खुर्द गांव के किसान उत्तर प्रदेश क्रांति किसान यूनियन के बैनर तले प्रदेश अध्यक्ष विजय यादव के नेतृत्व में तहसील परिसर पहुंचे और जोरदार नारेबाजी की। किसानों का आरोप था कि ओमेक्स सिटी प्रबंधन उनकी जमीनों पर जबरन कब्जा कर रहा है और आबादी क्षेत्र में बने मकानों को खाली कराने का दबाव बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव के आने-जाने के रास्ते बंद किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही ग्राम समाज की भूमि, यहां तक कि श्मशान के लिए दर्ज जमीन पर भी कब्जे का आरोप लगाया गया। किसानों का कहना था कि कंपनी के लोग गांव में पहुंचकर दबाव बनाते हैं और जो जमीन देने से इनकार करता है, उसे प्रताड़ित किया जाता है। आरोप है कि घरों के सामने गड्ढे खोदकर टीन शेड की बाउंड्रीवॉल खड़ी कर दी गई है, जिससे रास्ते अवरुद्ध हो गए हैं। विजय यादव ने मांग की कि खाता संख्या 182/16 की भूमि से अवैध कब्जा हटाया जाए और ग्रामीणों को राहत दिलाई जाए, अन्यथा 15 दिनों के भीतर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। किसानों ने किसान पथ की सर्विस रोड पर प्रकाश व्यवस्था न होने पर भी नाराजगी जताई और इसे सुरक्षा की दृष्टि से गंभीर समस्या बताया। करीब एक घंटे तक चले हंगामे के बाद एसडीएम अंकित शुक्ला ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
जिले की अन्य तहसीलों में भी संपूर्ण समाधान दिवस पर कुल 521 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 102 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। डीएम विशाख जी ने तहसील सदर में कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए 26 मामलों का निस्तारण कराया और संबंधित विभागों को एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। इस दौरान एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राकेश सिंह, एसडीएम मनोज सिंह, तहसीलदार जेपी सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।



