n NBT रिपोर्ट, फरीदाबाद
साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने 3 अप्रैल को खिचड़ीपुर दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान राज सहानिया (23) निवासी खिचड़ीपुर कल्याणपुरी दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-2, फरीदाबाद निवासी एक शख्स ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसने एक मेट्रोमोनियल ऐप पर अपनी प्रोफाइल बनाई थी। इसी दौरान उसकी एक लड़की से बातचीत शुरू हुई, बाद में फोन और वॉट्सऐप के माध्यम से भी बातचीत जारी रही। लड़की ने खुद को एक गेमिंग कंपनी में कार्यरत बताया। उसके द्वारा परिवार से मिलने की बात कहने पर आरोपी महिला द्वारा बहाना बनाकर टाल दिया गया और बाद में उसे एक ऑनलाइन प्लैटफॉर्म के माध्यम से पैसे कमाने का झांसा दिया गया। महिला ने एक लिंक साझा कर शिकायतकर्ता को कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। शिकायतकर्ता उनके बताए अनुसार विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर करता रहा। पूछताछ में सामने आया कि राज ने प्रशांत (खाताधारक) से खाता लेकर ठगों को दिया था। वह बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है। राज पहले नोएडा में एक निजी कंपनी में कॉलर का काम करता था, खाताधारक प्रशांत भी नोएडा की कंपनी में काम करता था, जहां पर इनकी आपस में मुलाकात हुई थी। राज को आगामी पूछताछ के लिए 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।




