nNBT न्यूज, लखनऊ : ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले दोपहिया वाहन चालकों के खिलाफ शुक्रवार को पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। आंकड़ों के मुताबिक पूर्वी जोन (पुराने लखनऊ) में वाहन चालक सबसे अधिक ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं।
चेकिंग के दौरान पूर्वी जोन में 1158 वाहनों की जांच की गई। इसमें 411 के ई-चालान किए गए और आठ वाहनों को सीज किया गया। वहीं पश्चिमी जोन में 314 ई-चालान किए गए और 8 वाहन सीज किए गए। अभियान के दौरान पूरे शहर 1508 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र कुमार सेंगर निर्देश पर शहर के पांचों जोन की पुलिस ने गुरुवार सुबह 7 से 11 रात बजे तक तीन शिफ्टों में चेकिंग अभियान चलाया गया। थानों की पुलिस ने कैसरबाग, हुसैनगंज, नक्खास, अटल चौक, तेलीबाग चौराहा, 1090 चौराहा, आईटी चौराहा, निशातगंज क्रॉसिंग, अवध चौराहा पर दो पहिया वाहनों की चेंकिंग की गई। पुलिस ने सभी जोनों में 7,342 वाहनों की चेकिंग की। मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न का प्रयोग, हेलमेट न पहनने व अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर 1508 वाहनों के चालान काटे गए। डीसीपी ट्रैफिक रवीना त्यागी ने कहा कि नियमों के उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिस ने शनिवार सुबह कमता तिराहे डग्गामार वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया। टीई वैंकटेश्वर ने बताया कि अभियान के दौरान 4 ई-रिक्शा, एक बस और एक अर्टिगा कार को सीज किया गया है।




