n NBT न्यूज, हथीन
मंडकोला-नूंह रोड पर नौरंगाबाद मोड़ के पास शुक्रवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और राहगीरों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव रीबड़ निवासी ब्रहमपाल अपने साथियों हरेंदर, सरजीत और योगेश के साथ कार में सवार होकर सोहना की ओर जा रहे थे। रात करीब 8:10 बजे जैसे ही उनकी कार नौरंगाबाद मोड़ के पास पहुंची, सामने से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही नीले रंग की कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गड्ढों में जा गिरी। हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को कार से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए सिविल अस्पताल पलवल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने कार चला रहे हरेंदर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सरजीत और योगेश का इलाज जारी है, जबकि ब्रहमपाल को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। मंडकोला पुलिस चौकी इंचार्ज सुनील कुमार ने बताया दुर्घटना के लिए जिम्मेदार कार का रजिस्ट्रेशन नंबर मिल गया। इस आधार पर आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




