बागपत में पंद्रह हज़ार की रिश्वत लेते मुख्य गन्ना अधिकारी अरेस्ट

नवभारत टाइम्स

बागपत में एक बड़ी कार्रवाई हुई है। मुख्य गन्ना अधिकारी राजदीप बालियान को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा है। यह रिश्वत गन्ना तौल क्लर्क विशेष कुमार से ली जा रही थी। क्लर्क को ड्यूटी लगाने के नाम पर धमकी दी गई थी। यह बागपत में तीन दिन के भीतर दूसरी कार्रवाई है।

baghpat chief cane officer caught red handed taking 15 thousand bribe sensation ensues

बागपत जिले में बुधवार को कोऑपरेटिव शुगर मिल के मुख्य गन्ना अधिकारी राजदीप बालियान को मेरठ एंटी करप्शन टीम ने 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोप है कि राजदीप बालियान अपने विभाग के गन्ना तौल क्लर्क विशेष कुमार से गन्ना क्रय केंद्र पर ड्यूटी लगाने के लिए रिश्वत मांग रहे थे। एंटी करप्शन टीम ने कोतवाली ले जाकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर लिखाई है।

शिकायकर्ता गन्ना विभाग के क्लर्क विशेष कुमार ने मेरठ एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी। बताया था कि मुख्य गन्ना अधिकारी राजदीप बालियान गन्ना माप-तौल केंद्र पर ड्यूटी लगाने के नाम पर 15 हजार की रिश्वत मांग रहे हैं। पीड़ित ने आरोप लगाया था कि रुपये नहीं देने पर ड्यूटी मिल गेट पर लगाकर चौकीदारी करवाने की धमकी दी गई थी। बुधवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे मेरठ से एंटी करप्शन की सात सदस्यीय टीम बागपत में गन्ना मिल स्थित मुख्य गन्ना अधिकारी के कार्यालय पहुंची। क्लर्क को नोट लेकर भेजा। नोटों पर खास केमिकल लगा था। रुपये लेते हुए एंटी करप्शन की टीम ने मुख्य गन्ना अधिकारी को रंगे-हाथ पकड़ लिया। उन्हें कोतवाली ले गई और पूछताछ की। एफआईआर दर्ज कराई। अब उनको मेरठ एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा। एंटी करप्शन टीम के मुताबिक आरोपी के कार्यालय में कार्यरत गन्ना तौल क्लर्क विशेष कुमार की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। बागपत में भ्रष्टाचार के खिलाफ तीन दिन के भीतर दूसरी कार्रवाई हुई है।