NBT रिपोर्ट, मेरठ: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध से पैदा हुई LPG संकट के बीच बरेली जिले के अफसरों ने खास प्लान लागू किया है। इसे शादी वाले परिवारों के लिए राहत भरी खबर माना जा रहा है। प्लान के मुताबिक, अफसरों ने शादी का कार्ड दिखाओ, सिलिंडर पाओ की व्यवस्था लागू की है। इसके लिए वर या वधु के परिजनों को शादी के कार्ड संग समय रहते जिलाधिकारी या पूर्ति कार्यालय में आवेदन करना होगा। कानूनी प्रकिया पूरी कर मांग के मुताबिक सिलिंडर दिए जाएंगे। दरअसल, अमेरिका-इस्त्राइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से दुनिया के ज्यादातर हिस्से में तेल और गैस आपूर्ति प्रभावित हो रही है। भारत भी इससे अछूता नहीं है। एलपीजी हासिल करने के लिए लोगों को गैस एजेसियों पर लाइन लगानी पड़ रही है। कालाबाजारी भी हो रही है। 15 अप्रैल से शादी का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में शादी वाले परिवारों को मेहमानों के खाने बनाने को लेकर चिंता सता रही है। केटर्स और मैरिज हॉल संचालक भी गैस नहीं मिलने से परेशान हैं। दावा किया जा रहा है कि कई जगह गैस की कमी से शादी की तिथियों में बदलाव भी करने लगे हैं।


