n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
फरवरी में डीएलएफ फेज-1 एरिया की एक बिल्डिंग के बाहर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने हथियार मुहैया कराने के आरोपी को अरेस्ट किया है। आरोपी पर पुलिस ने 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया हुआ था। उसे सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच की टीम ने पकड़ा है। आरोपी ने स्वीकार किया कि एक अन्य साथी के साथ मिलकर उसने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस उसससे पूछताछ कर रही है।
21 फरवरी काे डीएलएफ फेज-1 एरिया की एक बिल्डिंग के बाहर फायरिंग की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। इस मामले में क्राइम ब्रांच सेक्टर-40 ने पटेल नगर निवासी रविकांत वशिष्ठ को अरेस्ट किया था। इसके बाद जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी से पूछताछ की। अब इस मामले में पुलिस ने गांव शिकोहपुर के नजदीक से सोनीपत के साढराण निवासी 30 वर्षीय प्रवीण उर्फ पन्ना को अरेस्ट किया है। पुलिस टीम देखकर उसने बाइक छाेड़कर भागने का प्रयास किया, इस दौरान वह गिर गया। जिससे उसके पैर में चोट आई है। उसे अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो पिस्टल, 41 कारतूस और एक बाइक बरामद की है।
साथी के साथ मिलकर की थी वारदात : आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने एक साथी मोहित के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी पर दिल्ली में चोरी का भी केस दर्ज है। इसके अलावा पानीपत में आर्म्स एक्ट और मारपीट के दो केस दर्ज हैं। पुलिस इस मामले में अभी तक चार आरोपियों को अरेस्ट कर चुकी है।


