n NBT न्यूज, रेवाड़ी : बैंक से नकदी निकलवाने के बाद रुपये गिनते समय एक बुजुर्ग की जेब से 50 हजार रुपये की गड्डी चोरी हो गई। सीसीटीवी फुटेज में दिखीं दो महिलाओं पर उन्होंने शक जताया है। पुलिस जांच कर रही है। बुजुर्ग देवकीनंदन ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने यूनियन बैंक से एक लाख रुपये निकलवाए थे। बैंक ने उन्हें 50-50 हजार की दो गड्डियां दी थीं। एक गड्डी को ऊपर की जेब में रखकर वह दूसरी गड्डी के नोट गिन रहे थे। इसी बीच मौका पाकर किसी ने उनकी जेब से 50 हजार रुपये की गड्डी निकाल ली। उन्होंने इसकी शिकायत बैंक अधिकारी को दी। बैंक में लगे सीसीटीवी को देखा गया तो उसमें दो महिलाएं उनके साथ खड़ी दिखीं, जो अचानक तेजी से गायब हो गईं। बुजुर्ग ने इन्हीं महिलाओं पर रुपये चुराने का शक जताया है। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

