नशा तस्करों की संपत्ति पर चलेगा बुलडोज़र

नवभारतटाइम्स.कॉम

नूंह पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। पिछले 6 वर्षों में नशे के कारोबार से अर्जित की गई संपत्तियों की जांच की जा रही है। तस्करों के करीबियों की संपत्तियों की भी पड़ताल होगी। अवैध संपत्ति पाए जाने पर बुलडोजर चलाया जाएगा। नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी जारी है।

major action against drug traffickers in nuh bulldozer to run on property relatives also being investigated

n NBT न्यूज, नूंह

नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस ने नशा तस्करों के साथ-साथ उनके करीबियों की संपत्तियों की भी जांच शुरू कर दी है। जिला एंटी नारकोटिक्स सेल ने विशेष अभियान चलाकर पिछले 6 वर्षों में अर्जित की गई संपत्तियों का रिकॉर्ड खंगालना शुरू कर दिया है। 6 वर्ष पुरानी संपत्तियों की जांच के बाद उन पर बुलडोजर चलाया जाएगा।

तावड़ू डीएसपी एवं नोडल अधिकारी अभिमन्यु लोहान के मुताबिक, जिले में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान के तहत बीते तीन महीने में 326 ग्राम पंचायत के अंतर्गत 292 गांवों में जागरूकता अभियान चलाए जा चुके हैं। इस दौरान ग्रामीणों के सहयोग से नशे में लिप्त 94 लोगों को दवा दिलाई गई, जबकि चार युवाओं को नशा छुड़ाने के लिए भर्ती कराया गया। ऐसे तस्करों की पहचान की जा रही है जिन्होंने अवैध तरीके से संपत्ति अर्जित की है। खास बात यह है कि अब तस्करों के करीबी रिश्तेदारों जैसे माता-पिता, बहन, बेटी और अन्य स्वजन की संपत्तियों की भी जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि संपत्ति का स्रोत क्या है। पुलिस के अनुसार यदि जांच में यह सामने आता है कि संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से अर्जित की गई है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी संपत्तियों को कुर्क किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर बुलडोजर की कार्रवाई भी की जा सकती है।