n NBT न्यूज, रेवाड़ी: शहर की दो बुजुर्ग महिलाओं को अपनी बातों में फंसाकर सोने के कुंडल व नकदी ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीआईए रेवाड़ी इंचार्ज निरीक्षक सुमेर सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला खैरथल तिजारा निवासी गोविंद और रेवाड़ी के राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों से ठगे गए दो जोड़ी सोने के कुंडल भी बरामद किए हैं। दोनों से पूछताछ में 18 से अधिक वारदातों का खुलासा हुआ है।
डीएसपी बावल सुरेंद्र श्योराण ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि 9 फरवरी को मोहल्ला बंजारवाड़ा निवासी एक बुजुर्ग महिला जब अपने पोते को स्कूल छोड़कर घर लौट रही थीं, तब इन आरोपियों ने उन्हें बातों में उलझाया और लॉटरी निकलने का झांसा देकर उनके कानों से कुंडल उतरवा लिए थे। इसके बाद फोटो खींचने के बहाने आरोपी फरार हो गए थे। इसी तरह दोनों ने 6 फरवरी को पीएनबी, सर्कुलर रोड के पास एक अन्य बुजुर्ग महिला को ठगा था। उनसे एक जोड़ी कुंडल और 6 हजार रुपये ठग लिए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया हैं। डीएसपी ने बताया कि आरोपी गोविंद के खिलाफ पहले से राजस्थान के जिला अलवर और खैरथल तिजारा के अलग-अलग थानों में ठगी के 12 मामले दर्ज हैं। वहीं, राजकुमार के खिलाफ भी जिला महेंद्रगढ़ और राजस्थान के विभिन्न थानों में 6 मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी वर्तमान में बहरोड़ और नारनौल में दर्ज दो अन्य मामलों में भी वांछित चल रहे थे।


