n NBT न्यूज, रेवाड़ी: गांव गंगायचा जाट के एक खेत में बुधवार को बिना नंबर प्लेट की थार गाड़ी लावारिश हालत में खड़ी मिलने से लोग हैरान रह गए। इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। जांच के बाद पता चला कि थार का मालिक गुड़गांव के खलीलपुर का रहने वाला गौरव है और उस पर हत्या का आरोप है। फिलहाल वह जमानत पर है।
रेवाड़ी-रोहतक हाइवे स्थित गंगायचा जाट के एक खेत में टूटी शीशों वाली थार को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि हाइवे से गुजरते समय अचानक फेंसिंग तोड़ते हुए थार खेत में जा घुसी होगी। पहिये धंसने के कारण चालक थार को छोड़कर भाग गया। खेत में दूसरी कार के टायरों के निशान भी मिले हैं। जिसकी सहायता से थार को ले जाने का प्रयास किया गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद पता चला कि यह गाड़ी खलीलपुर के गौरव के नाम रजिस्टर्ड है। गौरव पर 9 साल पहले गांव के ही योगेश की हत्या करने का आरोप है। इस मामले में गौरव अभी जमानत पर बाहर है। डीएसपी सुरेंद्र श्योराण ने कहा कि थार गाड़ी के मालिक का पता लग चुका है। यह गाड़ी यहां कैसे पहुंची और चालक इसे खेत में छोड़कर क्यों भाग गया, इसका पता गौरव के मिलने के बाद लगेगा। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। संभवत: थार को गौरव ही चला रहा था। पुलिस ने फिंगरप्रिंट्स एक्सपर्ट को भी मौके पर बुला लिया। बताया गया गाड़ी में खून के धब्बे भी मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है।


