n NBT न्यूज, नूंह
शहर में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने का एक और मामला सामने आया है। इस बार पलवल के डूंगरपुर के रहने वाले एक युवक पर सिलीगुड़ी वेस्ट बंगाल में रहने वाली महिला ने केस दर्ज करवाया है। पीड़िता का आरोप है कि युवक ने अपना धर्म छिपाकर दोस्ती की। दुष्कर्म कर विडियो बनाकर पैसे ऐंठे और धर्मांतरण का दबाव बनाया। महिला ने किसी तरह से आरोपी के चंगुल से छुटकर नूंह शहर पुलिस को शिकायत दी। मुख्य आरोपी सहित उसके परिवार के लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तीन दिन पहले भी इसी तरह का एक मामला फिरोजपुर झिरका एरिया में आया था।
दिल्ली में काम करती है पीड़िता
पीड़िता ने बताया कि वह वेस्ट बंगाल की रहने वाली है। पति से तलाक के बाद वह दिल्ली में पेशेंट केयर का काम करती है। पांच साल पहले उसकी मुलाकात साहिल नाम के युवक से हुई थी। आरोप है कि साहिल खुद को अविवाहित बताकर बात करने लाग। महिला ने बताया कि साहिल ने कहा कि वह शादी करना चाहता है। आरोप है कि चार महीने पहले साहिल उसे दिल्ली से नूंह लेकर आया और मदीना कॉलोनी में एक मकान में रहने लगा। आरोप है कि साहिल ने नूंह की मदीना कॉलोनी में उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया और आपत्तिजनक फोटो-विडियो अपने फोन में रिकॉर्ड कर लिए। आरोप है कि वहां साहिल ने बार-बार शोषण किया। कुछ दिन बाद साहिल उसे अपने गांव डूंगरपुर लेकर पहुंचा। जहां महिला को जानकारी मिली है कि साहिल ने अपना धर्म छिपाया था। वह पहले से शादीशुदा है। घर में उसका पिता असलम, भाई राहुल और उसकी मां मौजूद थी। सभी ने घर के अंदर धर्मांतरण का दबाव बनाया। शिकायत पुलिस से करने की बात कही तो आरोपी ने उसके फोटो-विडियो वायरल करने की धमकी दी। इसके अलावा उससे करीब दो लाख रुपये भी ऐंठ लिए।


