n NBT न्यूज, गुड़गांव
रसोई गैस को लेकर कालाबाजारी और अन्य दिक्कतें खत्म करने के लिए शहर में शुरू किए गए कंट्रोल रूम में लोग शिकायतें करने लगे हैं। 24 घंटे में 91 शिकायतें मिलीं। प्रशासन का दावा है कि सभी पर कार्रवाई की गई है। ज्यादा शिकायतें प्रवासी उपभोक्ताओं से जुड़ी हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को नियमित कनेक्शन न होने के कारण गैस सिलिंडर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ऐसे लोगों को सलाह दी गई है कि नजदीकी गैस एजेंसी पर निर्धारित सुरक्षा राशि जमा कर सिलिंडर रिफिल की सुविधा का लाभ लें। डिलिवरी में देर और ऑनलाइन बुकिंग न होने की समस्या भी सामने आई है। संबंधित एजेंसियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
डीसी अजय कुमार ने बताया कि एलपीजी की कालाबाजारी, जमाखोरी और अवैध डायवर्जन पर रोक लगाने के लिए प्रशासन दम उठा रहा है। डीएफएससी अशोक रावत ने बताया कि कंट्रोल रूम का नंबर 0124-2868930 सभी गैस एजेंसियों, पेट्रोल पंपों पर लगाया गया है।


