सेक्टर-62 गोलचक्कर पर स्काई वॉक के लिए 1 साल तक डायवर्ट रहेगा ट्रैफिक

नवभारतटाइम्स.कॉम

नोएडा के सेक्टर-62 गोलचक्कर पर स्काईवॉक का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा। इसके चलते अगले एक साल तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव रहेगा। निर्माण स्थल को सुरक्षित किया जाएगा। यातायात पुलिस की मदद से डायवर्जन योजना लागू होगी। इससे लोगों को थोड़ी असुविधा हो सकती है, लेकिन यह विकास कार्य के लिए आवश्यक है।

skywalk construction at sector 62 roundabout traffic diverted for 1 year millions to face inconvenience

n NBT रिपोर्ट, नोएडा

नोएडा के सेक्टर-62 स्थित गोलचक्कर पर स्काईवॉक का निर्माण शुरू होने जा रहा है। नोएडा अथॉरिटी ने इसके लिए साल भर के लिए ट्रैफिक डायवर्जन का प्लान तैयार कर लिया है और ट्रैफिक विभाग को भेज दिया है। ट्रैफिक विभाग की ओर से रिपोर्ट आने के बाद ट्रैफिक डायवर्जन कर स्काईवॉक का काम शुरू कराने की तैयारी है। अथॉरिटी अधिकारियों का कहना है कि इसी महीने इसका निर्माण शुरू हो जाएगा।

यह परियोजना लगभग 26.34 करोड़ रुपये की लागत से बनाई जाएगी। इसका टेंडर हासिल करने वाली कंपनी को अथॉरिटी ने पिछले दिनों वर्क ऑर्डर भी जारी कर दिया है। निर्माण कार्य के दौरान संबंधित स्थल के क्षेत्र को चारों ओर से पूरी तरह बैरिकेडिंग कर सुरक्षित किया जाएगा, ताकि कार्य सुचारु और सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके। साथ ही निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की मदद से डायवर्जन योजना लागू की जाएगी। डायवर्जन योजना के अनुसार सेक्टर-62 से राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) की ओर जाने वाले मार्ग पर एक लेन बंद रहेगी, जबकि दो लेन सामान्य रूप से खुली रहेंगी। इसी तरह एनएच से सेक्टर-63 की ओर आने वाले मार्ग पर भी एक लेन बंद रखी जाएगी और दो लेन यातायात के लिए चालू रहेंगी। इसके अलावा गोलचक्कर की ओर जाने वाले मार्ग पर भी एक लेन बंद रहेगी और एक लेन से ही वाहनों का आवागमन जारी रहेगा।