n NBT रिपोर्ट, नोएडा
नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे सुल्तानपुर अंडरपास का काम शुरु करने के लिए यहां पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। इसके लिए नोएडा अथॉरिटी वैकल्पिक रास्ते तैयार करने शुरु कर दिए हैं। अंडरपास का निर्माण शुरु होने के दौरान यहां पर सर्विस रोड और 45 मीटर रोड पर ट्रैफिक डायवर्जन करना पड़ेगा इसी के चलते यह तैयारी चल रही है।
जहां पर अंडरपास बनेगा उससे करीब 50 मीटर पहले ही एक्सप्रेसवे की सर्विस रोड व 45 मीटर रोड को बीच में नई सड़क बनाकर जोड़ा जा रहा है। ट्रैफिक डायवर्जन का यह प्लान ट्रैफिक पुलिस को भेज दिया गया है। वहां से रिपोर्ट ओके होने के बाद इसे लागू किया जाएगा। यह अंडरपास सुल्तानपुर गांव के सामने सेक्टर-128, 129, 132, व सेक्टर-108 के बीच बनाया जाना है। करीब 81 करोड़ की लागत से इस अंडरपास को बनाया जाएगा जिसमें दो साल से ज्यादा समय लगेगा। तब तक यहां ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। इसी के चलते वैकल्पिक सड़क बनाकर तैयार की जा रही है ताकि ट्रैफिक को डायवर्ट करके निकाला जा सके।


