n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा
शहर के स्टार गोल्फर अर्जुन भाटी इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) में हैदराबाद की टीम से खेलते हुए नजर आएंगे। यह गोल्फ लीग सात अप्रैल से शुरू होकर 20 अप्रैल तक चलेगी। अर्जुन भाटी इंटरनैशनल गोल्फर हैं। उनके पिता बॉबी भाटी ने बताया कि इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) में अर्जुन भाटी को हैदराबाद की टीम ने अपना प्रतिनिधित्व करने के लिए चुना है। वह हैदराबाद की तरफ से एक साल में 20 टूर्नामेंट खेलेंगे। इनमें से 11 भारत और 9 टूर्नामेंट इंग्लैंड, मोरक्को, मॉरीशस, साउथ अफ्रीका व अन्य देशों में होंगे। वह फिलहाल लंदन में गोल्फ की बारीकियां सीख रहे हैं। छह अप्रैल को भारत आने के बाद साउथ अफ्रीका के लिए रवाना होंगे, वहां 20 अप्रैल तक टूर्नामेंट खेलेंगे। बॉबी भाटी ने बताया कि अभी तक अर्जुन नैशनल और इंटरनैशनल लेवल के 102 टूर्नामेंट में ट्रोफी हासिल कर चुके हैं। साथ ही तीन बार वर्ल्ड चैंपियन रहे हैं। उनकी प्रतिभा को देखते हुए पिछले साल केंद्रीय खेल मंत्री ने संसद भवन में नैशनल यूथ अवॉर्ड से सम्मानित किया था।


