n NBT न्यूज, फरीदाबाद
शहर में गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया गया। धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं की ओर से हनुमान चालीसा पाठ , सुंदरकांड पाठ , हवन यज्ञ, भंडारे आदि कार्यक्रम आयोजित किए। इस अवसर पर सेक्टरों और सोसायटियों में जगह-जगह भंडारे लगाए गए। मंदिरों में भक्तों ने भगवान हनुमान का आशीर्वाद लिया और सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। सूरजकुंड स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम श्री सिद्धदाता आश्रम में श्रीराम भक्त हनुमान का जन्मोत्सव धूमधाम ने मनाया गया। इस अवसर पर श्रीहनुमान का अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद भव्य शोभायात्रा निकाली गई। बैंड बाजों और ढोल-नगाड़ो की गूंज, पताकाओं और झांकियों से सजी श्रीहनुमान की शोभायात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह देखने को मिला। भक्त भजनों की धुन पर नाचत-गाते रहे।
अखिल भारतीय वीर गुर्जर महासभा (एबीवीजीएम) की ओर से मेवला महाराजपुर मेट्रो स्टेशन गेट-1 के पास हनुमान जन्मोत्सव पर समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर हवन यज्ञ और भंडारा हुआ। सेक्टर 30-33 स्थित आईपी कॉलोनी में हनुमान जयंती पर 21 हजार हनुमान चालीसा का निरंतर पाठ किया गया। आरडब्ल्यूए प्रधान विवेक सचदेवा ने बताया कि हनुमान जन्मोत्सव पर हनुमान चालीसा पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शाम को खाटू श्याम भजन कीर्तन का भी आयोजन किया गया, जिसमें कॉलोनी के हजारों लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का आयोजन आईपी कल्चरल क्लब और रामलीला कमिटी ने मिलकर किया। ग्रेटर फरीदाबाद सेक्टर 88 स्थित एफ-ब्लॉक और सेक्टर 70 स्थित आगमन सोसायटी के शिव मंदिर में श्री बालाजी महाराज आगमन समिति की ओर से हनुमान जन्मोत्सव पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भंडारे का भी आयोजन किया गया। शहर के विभिन्न हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी रही। एनआईटी स्थित पावन सिद्धपीठ हनुमान मंदिर में भक्तों ने भगवान हनुमान के दर्शन किए। मंदिर के प्रधान भारत अरोड़ा ने बताया कि मंदिर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई है। मंदिर में कराया सुंदरकांड का पाठ : हथीन में हनुमान जयंती के मौके पर कुंडा मंदिर पर सामूहिक रूप से सुंदर कांड का पाठ किया गया।

