n NBT न्यूज, नोएडा
जिला अस्पताल में इंसानों की जगह जानवरों की सिरिंज मंगाने का मामला NBT में छपने के बाद गुरुवार को अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। एनबीटी में खबर प्रकाशित होते ही सीएमएस ने गुरुवार सुबह अस्पताल पहुंचते ही पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी। करीब चार घंटे तक चली जांच के बाद सीएमएस ने कहा कि ऑर्डर देते समय तकनीकी त्रुटि के कारण गलत श्रेणी की सिरिंज बुक हो गई थी। इन्हें वापस करा दिया है।
सपा ने किया हमला
उधर इस मामले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भी सरकार को कठघरे में खड़ा किया है। उन्होंने सरकार और स्वास्थ्य मंत्री पर तंज कसते हुए कहा है कि इसकी एक सुईं स्वास्थ्य मंत्रालय को लगा देनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इंसानों की परवाह नहीं करती, तभी जिला अस्पताल में इंसानों के लिए जानवरों की सिरिंज मंगाई गई। साथ ही उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि स्वास्थ्य मंत्री छुट्टी पर हैं या उनकी छुट्टी हो चुकी है। बता दें कि ऑर्डर प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर इस गलती पर ध्यान नहीं गया, जिसके चलते वेटरनरी (पशु उपयोग) सिरिंज अस्पताल तक पहुंच गई। मामला तब सामने आया जब अस्पताल पहुंचने के बाद फार्मासिस्ट ने बिल की जांच की। बिल में इंसानों की जगह जानवरों के उपयोग वाली सिरिंज दर्ज थी।


