n NBT रिपोर्ट, नोएडा
2027 के विधानसभा चुनाव की लड़ाई के लिए नोएडा लॉन्चिंग पैड बनता जा रहा है। पहले बीजेपी ने एयरपोर्ट के लोकार्पण से मतदाताओं का ध्यान आकर्षित किया और विपक्षियों पर वार किए। इसके अगले ही दिन सपा ने दादरी में रैली कर अपनी ताकत दिखाई और बीजेपी पर पलटवार किया। वहीं बसपा ने लखनऊ में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति का मंत्र दिया। अब भाजपा सरकार के सहयोगी दल निर्बल इंडियन शोषित हमारा आम दल (निषाद पार्टी) ने मेरठ के बजाय नोएडा में रैली करने का ऐलान किया है। यह रैली पांच अप्रैल (रविवार) को नोएडा स्टेडियम में होगी। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने गुरुवार को नोएडा मीडिया क्लब में पत्रकार वार्ता के दौरान इसकी घोषणा की। उन्होंने बताया कि पार्टी ने गोरखपुर, प्रयागराज, मेरठ और वाराणसी में रैली करने का ऐलान किया था। इस कड़ी में गोरखपुर और प्रयागराज में सफल आयोजन हो चुका है। अब मेरठ में होने वाली रैली पांच अप्रैल को नोएडा इनडोर स्टेडियम में होगी। इसके पीछे का कारण पूछने पर उन्होंने बताया कि गौतमबुद्ध नगर जिले में दनकौर की धरती पर द्वापर युग में महान धनुर्धर वीर एकलव्य के साथ छल हुआ था, जहां उनसे अंगूठा कटवाया गया था। प्रदेश की पूर्ववर्ती सरकारों ने भी मछुआ, कश्यप और निषाद समाज के साथ इसी तरह का व्यवहार किया। इस समाज से वोट तो लिया, लेकिन अधिकार नहीं दिए। गौतमबुद्ध नगर छल और शोषण के इतिहास का गवाह रहा है। इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए रैली का स्थान बदला गया है, ताकि समाज दोबारा ऐसी गलतियों को न दोहराए। उन्होंने दावा किया इस रैली में पश्चिमी यूपी के सभी जिलों के कार्यकर्ता अपनी ताकत दिखाएंगे। प्रेसवार्ता में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष वीरेंद्र डाढा, युवा मोर्चा के सुमित गुर्जर, इंजीनियर प्रवीण निषाद, रविंद्रमणि निषाद, पूरन सिंह कश्यप मौजूद रहे।


