NBT रिपोर्ट, मेरठ: बरेली जिले के नवाबगंज में गुरुवार को पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार प्रशासन की कार्रवाई से नाराज होकर एसडीएम आवास के सामने धरने पर बैठ गए। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील प्रशासन ने रात में जबरन उनका पंडाल हटवा दिया। दरअसल, पूर्व मंत्री ने 15 मार्च को एसडीएम को 15 सूत्रीय ज्ञापन देकर समस्याओं के समाधान की मांग की थी। मांगें पूरी न होने पर उन्होंने 2 अप्रैल को धरना देने का ऐलान किया था। इसके लिए 1 अप्रैल की शाम को सरदार बल्लभ भाई पटेल चौक के पास पंडाल भी लगाया गया था। बताया जा रहा है कि एसडीएम उदित पवार ने धरने की अनुमति नहीं दी थी। इसके बाद पुलिस ने रात में ही पंडाल हटवा दिया। इसी से नाराज होकर पूर्व मंत्री गुरुवार सुबह अकेले ही एसडीएम आवास पहुंचे और दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए। कुछ ही देर में SP कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए ।


