n NBT रिपोर्ट, नई दिल्ली
कॉलेज फेस्ट को लेकर दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में शनिवार को स्टूडेंट्स की नाराजगी बड़े प्रदर्शन के रूप में सामने आई। स्टूडेंट्स की शिकायत है कि कॉलेज प्रशासन फेस्ट शाम 6 बजे तक खत्म करने को कह रहा है, साथ ही किसी स्टार को बुलाने से मना कर रहा है, फंड भी कम कर दिया गया है और रिहर्सल की स्पेस भी उनके लिए बंद कर दी है। वहीं, कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. रमा शर्मा का कहना है कि हमने स्टार परफॉर्मेंस के लिए मना किया है क्योंकि उनके आने से अव्यवस्था हो जाती है, बाकी कॉलेजों के स्टूडेंट्स भी आ जाते हैं और भीड़ संभालना पुलिस के लिए मुश्किल हो जाती है। स्टूडेंट्स की सुरक्षा का ख्याल रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
प्रिंसिपल ने यह भी कहा कि हाल ही में DU के दो कॉलेजों में स्टार को देखने की होड़ की वजह से काफी दिक्कतें हुई हैं। हमने स्टूडेंट्स से कहा है कि कॉलेजों के स्टूडेंट्स ही परफॉर्म करें। हंसराज कॉलेज स्टूडेंट्स यूनियन, कॉलेज की अलग-अलग सोसायटी की ओर से हुए इस प्रदर्शन में कई स्टूडेंट्स शामिल हुए। शनिवार रात तक कॉलेज में जमे रहे स्टूडेंट्स का कहना है कि यह हैरानी की बात है कि कॉलेज ने फेस्ट को शाम 6 बजे तक सीमित करने का मनमाना आदेश दिया है, जबकि हाल ही में प्रिंसिपल के बेटे की शादी का फंक्शन कैंपस में देर रात तक चलने की इजाजत दी गई थी, यह 'डबल स्टैंडर्ड' है। कॉरिडोर में धरना दे रहे स्टूडेंट्स को समझाने के लिए पुलिस भी पहुंची। SFI की हंसराज यूनिट के सेक्रेटरी सृजन ने कहा कि यह कॉलेज सिक्यॉरिटी और पुलिस का काम है, जब उनके प्रदर्शन को रोकने पुलिस आ सकती है तो फेस्ट की व्यवस्था के लिए क्यों नहीं?
शुक्रवार को DU के श्याम लाल कॉलेज के फेस्ट में हरियाणवी गायक अमन राज गिल की परफॉर्मेंस के दौरान कुछ लड़के स्टेज पर चढ़ गए और उनके साथ बदसलूकी भी की। गुरुवार को SGBT खालसा कॉलेज में सिंगर गुरनाम भुल्लर की परफॉर्मेंस के दौरान भी भीड़ मैनेज नहीं हो पाई और आखिर में सिंगर निकल गए।




