n NBT न्यूज, होडल
गौढोता-बेढ़ा रोड पर जोरोली वाले जंगल में शुक्रवार दोपहर बिजली के ट्रांसफाॅर्मर से निकली चिंगारी से खेतों में खड़ी 30 एकड़ गेहूं की फसल में आग लग गई। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचने लगे। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और फसल जलकर खाक हो गई।
फायर ब्रिगेड की गाड़ी समय से नहीं पहुंचने आग से गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया।किसान रमेश निवासी अंधुआ पट्टी के 5 एकड़, किसान जिले की 12 एकड़, शेर सिंह की चार एकड़, प्रहलाद की डेढ़ एकड़ सहित वीरेंद्र व हरबंस की छह एकड़ में खड़ी फसल जलकर राख हो गई। किसानों ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर अचानक खेतों में आग लगने की सूचना मिली। जिसके बाद किसान आग बुझाने के ट्रैक्टर व संसाधन लेकर खेतों की ओर दौड़ पडे़, लेकिन तेज हवा के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। बढ़ती आग को देख ग्रामीणों ने मामले की सूचना थाना होडल पुलिस और दमकल विभाग को दी। इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंच गई, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची, तब तक ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पा लिया। खेत मे गेहूं की जली फसल को देखकर किसानों के आंसू नहीं थम रहे थे। किसानों ने बिजली विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर उचित मुआवजा देने की मांग की है।


