कोर्ट परिसर में सुरक्षा जांचने को पुलिस की मॉक ड्रिल

नवभारतटाइम्स.कॉम

फरीदाबाद में पुलिस ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा का जायजा लिया। सेक्टर-12 स्थित जिला अदालत में मॉक ड्रिल हुई। डेढ़ घंटे चली इस ड्रिल में पुलिस टीमों ने अपनी कार्यक्षमता और तालमेल परखा। सर्च ऑपरेशन चलाया गया। बॉम्ब निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाॅड और स्वाट टीम भी शामिल हुई। संभावित खतरे से निपटने की रणनीति का अभ्यास किया गया।

faridabad court premises mock drill by police strict test of security system

n NBT न्यूज, फरीदाबाद : कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को परखने और किसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी का आकलन करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट ने शुक्रवार को सेक्टर-12 स्थित जिला अदालत परिसर में मॉक ड्रिल का आयोजन किया। इसका नेतृत्व एसीपी (क्राइम-2) वरुण कुमार ने किया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल के मुताबिक, करीब डेढ़ घंटे तक चली इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य पुलिस टीमों की कार्यक्षमता, आपसी तालमेल और रिस्पॉन्स टाइम की जांच करना था।

ड्रिल के दौरान कोर्ट परिसर, चैंबर एरिया और थाना व कोर्ट के बीच स्थित पार्किंग क्षेत्र में सघन सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस अभ्यास में क्राइम ब्रांच सेक्टर-48, ऊंचा गांव, सेंट्रल, सेक्टर-65, सेक्टर-85 और सेक्टर-56 की टीमों के साथ बॉम्ब निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वाॅड, आधुनिक हथियारों से लैस स्वाट टीम और थाना सेंट्रल की पुलिस शामिल रही। टीमों ने कॉम्बिंग सर्चिंग की और संभावित खतरे से निपटने की रणनीति का अभ्यास किया।