n NBT न्यूज, फरीदाबाद
एनआईटी-2 स्थित महावीर कम्युनिटी सेंटर में जिला किकबॉक्सिंग संघ की ओर से 25वीं सिल्वर जुबली मनाई गई। इस उपलक्ष्य में दो दिवसीय जिला स्तरीय चैंपियनशिप की शुरुआत हुई। जिला किकबॉक्सिंग संघ के संस्थापक महासचिव संतोष कुमार अग्रवाल ने बताया की चैंपियनशिप में जिले के विभिन्न स्कूल एवं कॉलेजों के लगभग 300 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। विजेता खिलाड़ी राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में भाग ले सकेंगे। समारोह की अध्यक्षता क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष आनंद मेहता ने की। चैंपियनशिप में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम में जगह बनाई।
ये रहे विजेता : चैंपियनशिप के पहले दिन ड्रैगन मार्शल आर्ट अकैडमी और फरीदाबाद किकबॉक्सिंग अकैडमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। टिनी टॉट के 21 किलो से अधिक भार वर्ग में देवस्य ने पहला, गर्व द्विवेदी ने दूसरा स्थान हासिल किया। 21 किलाे भार वर्ग में ड्रैगन मार्शल आर्ट अकैडमी से अथर्व अग्रवाल व प्रणव भाटिया ने क्रमश: पहला व दूसरा स्थान हासिल किया। 27 किलो वर्ग में ड्रैगन मार्शल आर्ट अकैडमी के प्रणय भाटिया और फरीदाबाद किकबॉक्सिंग अकैडमी के हिमांश लखानी व ड्रैगन मार्शल आर्ट अकैडमी के वेदांत भारद्वाज ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।


