Yashlok.singh
@timesofindia.com
n गुड़गांव : ईरान और अमेरिका-इस्त्राइल के बीच बढ़ रहे तनाव का असर मिलेनियम सिटी के कपड़ा कारोबारियों पर भी पड़ने लगा है। कारोबारियों का कहना है कि युद्ध शुरू होने पर ही कमर्शल शिपिंग प्रभावित हो गई थी। दुबई और सऊदी के लिए जाने वाले कपड़ों का एक्सपोर्ट अटक गया है। कारोबारियों के अनुसार हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो भारी आर्थिक नुकसान हो सकता है।
गारमेंट एक्सपोर्ट्स एंड मैन्युफैक्चरर्स असोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी अनिमेश सक्सेना ने बताया कि गुड़गांव के गारमेंट निर्यातकों का करीब 400 करोड़ रुपये का स्टॉक इस समय फंसा हुआ है। यह स्टॉक गल्फ देशों से मिले ऑर्डर के बाद तैयार किया गया था, लेकिन युद्ध के कारण कमर्शल सिविल शिपिंग लाइन बंद हो गई, अब स्टॉक फैक्ट्रियों और शिपिंग कंटेनरों में ही अटका हुआ है। उन्होंने बताया कि गुड़गांव में लगभग 1700 गारमेंट एक्सपोर्टर हैं, इनमें से करीब 400 मुख्य रूप से गल्फ देशों को ही सामान निर्यात करते हैं।
मुंबई को पोर्ट पर भी अटका है स्टॉक : उद्योग से जुड़े लोगों के अनुसार, युद्ध के बाद शिपिंग कंपनियों ने गल्फ रूट पर अपनी सेवाएं सीमित कर दी हैं या पूरी तरह रोक दी हैं। इसका असर यह हुआ है कि तैयार माल फैक्ट्रियों में ही पड़ा हुआ है, जबकि पहले से भेजे जाने के लिए तैयार माल मुंबई पोर्ट पर कंटेनरों में लोड होकर अटका हुआ है। गुड़गांव से गल्फ देशों को बड़े स्तर पर रेडीमेड गारमेंट्स का निर्यात किया जाता है।


