n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर में 2050 तक पानी की जरूरत के प्लान को शुक्रवार को चंडीगढ़ में हुई फाइनैंस कमिटी की बैठक में मंजूरी मिल गई। अब सोनीपत के ककरोई से गुड़गांव तक 70 किलोमीटर नहर पक्की की जाएगी। अब यह नहर कच्ची है। इससे पानी की स्पीड कम है। कई बार नहर तोड़कर पानी चोरी के भी मामले सामने आए हैं। अब इस पूरी नहर को पक्का किया जाएगा। इससे स्पीड बढ़ने के साथ- साथ अगले ढाई दशक तक पानी की जरूरत के हिसाब से क्षमता होगी। भविष्य में पानी सप्लाई सुधरेगी।
गुड़गांव में बसई और चंदू वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट हैं। यहां गुड़गांव कनाल और एनसीआर चैनल से पानी आता है। गुड़गांव कनाल सोनीपत के ककरोई से यमुना से पानी लेकर गुड़गांव पहुंचाती है। इन दिनों शहर में पानी की जरूरत हर दिन 700 एमएलडी के करीब है। सिंचाई विभाग के एसई मंजीत हुड्डा ने बताया कि शुक्रवार को सीएम की अध्यक्षता में हुई फाइनैंस की मीटिंग में इस प्लान को मंजूरी मिल गई है।


