n NBT रिपोर्ट, गुड़गांव
शहर के 17 चौक-चौराहों पर अब ट्रैफिक रफ्तार पकड़ेगा। जीएमडीए की ओर से इन चौक-चौराहों की लिस्ट तैयार की गई है। यहां पर व्यवस्था सुधारने के लिए काम करवाया जाएगा। स्लिप रोड, फ्री लेफ्ट टर्न , सिग्नल लाइट टाइमिंग के अलावा जर्जर रोड की मरम्मत की जाएगा। इस पर जीएमडीए साढ़े सात करोड़ रुपये खर्च करेगा। इसे लेकर जीएमडीए ने टेंडर लगा दिया है। मई में यह टेंडर ओपन होगा। इसके बाद मई में वर्क ऑर्डर जारी कर काम शुरू करवाया जाएगा।
जीएमडीए ने सेक्टर एक से 57 तक 17 चौक-चौराहों पर काम किया जाएगा। इसके लिए कई जगह स्लिप राेड, फ्री लेफ्ट टर्न, जर्जर रोड की रिपेयरिंग, सिग्नल लाइटों की टाइमिंग सेट करने के अलावा सेंट्रल वर्ज को भी दुरुस्त किया जाएगा। इससे वाहनों की स्पीड चौक-चौराहों पर बढ़ेगी। इसके बाद जाम और हेवी ट्रैफिक से निजात मिलेगी। वाहनों को सिग्नल लाइट पर अधिक इंतजार नहीं करना होगा। जीएमडीए की ओर से सेक्टर-48/49/साउथ सिटी टू, सेक्टर-40/45 साइबर पार्क, सेक्टर-4/5 चौक, रेजांगला चौक, मेफील्ड गार्डन के पास मॉडर्न बाजार, सेक्टर-22 ताऊ देवीलाल पार्क के सामने, सेक्टर रोड-72A, 33, आर्केडिया मॉल लाइट, सेक्टर-9 चौक, 4/7 चौक, दौलताबाद फ्लाईओवर, मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन, 41/45 रेड लाइट, बख्तावर चौक, यूनिटेक साइबर पार्क, घाटा पावर हाउस और कौशल चौक को चिह्नित किया है। जीएमडीए के एग्जिक्यूटिव इंजीनियर अमित गोदारा ने बताया कि प्लान को लेकर टेंडर कर दिए गए हैं। मई में इस पूरे प्लान पर काम शुरू कर दिया जाएगा।


