संदिग्ध हालात में नवजात की मौत, जांच के निर्देश

नवभारतटाइम्स.कॉम

माल के गहदो गांव में एक नवजात की मौत से हड़कंप मच गया है। परिवार का आरोप है कि टीकाकरण के बाद बच्चे की नाक से खून आया था। इसी दिन टीका लगे अन्य बच्चों की भी तबीयत बिगड़ी है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

newborn dies after vaccination family alleges negligence investigation ordered

nNBT रिपोर्ट, माल : माल के गहदो गांव में टीकाकरण के पांच दिन बाद दो माह के नवजात उमर की मौत हो गई। परिवारीजनों ने आरोप लगाया कि 6 अप्रैल को एएनएम रमाकांती मौर्य ने पेंटा वैक्सीन लगाई थी। इसके तुरंत बाद बच्चे की नाक से खून निकलने लगा था। शिकायत करने पर इसे सामान्य बताया गया, लेकिन शुक्रवार सुबह छह बजे बच्चे की मौत हो गई। घरवालों का कहना है कि बच्चे को बुखार होने के बाद भी जबरन टीका लगा दिया गया। वहीं सीएमओ डॉ. एनबी सिंह का कहना है कि जांच करवाई जा रही है। जांच में किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो, संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।

परिवारीजनों का कहना है कि उसी दिन टीकाकरण कराने वाले आधा दर्जन अन्य बच्चों की तबीयत भी बिगड़ गई है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है। बीमार बच्चों को सीएचसी माल लाया गया, जहां उपचार के बाद घर भेज दिया गया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जेपी सिंह ने कहा कि वैक्सीन से मौत की आशंका नहीं है, क्योंकि यही वैक्सीन जिलेभर में दी गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट होगी।