NBT न्यूज,करनाल
गैस किल्लत के बीच जिले में बड़े इंतजार के बाद छोटे एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति देने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन और गैस कंपनियों के बीच हुए तालमेल के बाद जिले की गैस एजेंसियों पर पांच किलो का छोटा गैस सिलिंडर 600 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए अलग से करीब 944 रुपये की जमानत राशि जमा करवानी होगी। यह राशि सिलिंडर लौटाते समय वापस मिल जाएगी।
डीसी उत्तम सिंह ने शुक्रवार को बताया कि राशि के साथ पहचानपत्र (आईडी) की फोटोकॉपी और एक पासपोर्ट साइज फोटो भी देना होगा। इसके बाद एजेंसी से सिलिंडर दे दिया जाएगा। डीसी उत्तम सिंह ने सभी 42 एजेंसियों को सिलिंडर मंगवाने के आदेश जारी किए थे। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने सभी एजेंसियों को छोटे सिलिंडरों की विस्तृत रिपोर्ट दफ्तर में जमा करवाने के लिए कहा गया है।
जिला प्रशासन ने करीब 15 हजार प्रवासी मजदूरों को ध्यान में रखते हुए गैस कंपनियों को छोटे सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ाने की मांग भेजी थी। प्रवासी मजदूरों को खुले बाजार में अत्यधिक दामों पर गैस खरीदनी पड़ रही थी। कई जगहों पर 300 रुपये प्रति किलो तक गैस बिकने की शिकायतें सामने आई थीं।
जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के नियंत्रक (डीएफएससी) मुकेश कुमार ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलिंडरों की कोई कमी नहीं है। एलपीजी की कालाबाजारी, जमाखोरी रोकने के लिए विभाग की ओर से ब्लॉक व जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिला स्तर पर मुकेश सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनसे मोबाइल नंबर 9205560871 पर संपर्क किया जा सकता है।





