निंबस सोसायटी में आधी रात गिरा छत का प्लास्टर, करोड़ों के फ्लैट में जान पर बनी आफत

नवभारतटाइम्स.कॉम

ग्रेटर नोएडा की निंबस सोसायटी में गुरुवार रात एक फ्लैट की छत का प्लास्टर गिर गया। इस हादसे से निवासी दहशत में आ गए। गनीमत रही कि किसी को चोट नहीं आई। निवासियों ने बिल्डर पर घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। टूटे प्लास्टर से जंग लगी सरिया दिखाई दे रही है।

nimbus society plaster falls from ceiling in the middle of the night life in danger in multi crore flats

n NBT न्यूज, ग्रेटर नोएडा : सेक्टर चाई-5 स्थित निंबस सोसायटी में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब गुरुवार की रात एक फ्लैट की छत का प्लास्टर भरभरा कर गिर गया। रात करीब 2 बजे हुए इस हादसे ने पूरी सोसायटी के निवासियों को दहशत में डाल दिया है। फ्लैट निवासी सोन सिंह ने बताया कि बालकनी की ओर से आई तेज आवाज सुनकर जब लोग बाहर आए, तो देखा कि छत के लेंटर के बड़े टुकड़े कुर्सी और टेबल पर गिरे हुए थे। गनीमत रही कि हादसे के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, अन्यथा जान-माल का बड़ा नुकसान हो सकता था। सोसायटी के निवासियों ने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए बिल्डर पर निर्माण में घटिया सामग्री इस्तेमाल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। निवासियों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी वे अपने ही घरों में सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं। छत के टूटे हिस्सों से सरिया साफ नजर आ रहा है, जिसमें जंग लगी हुई है, जो निर्माण की खराब गुणवत्ता को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। निवासी सत्यार्थ के अनुसार, बिल्डर की लापरवाही का खामियाजा अब फ्लैट मालिकों को भुगतना पड़ रहा है।