n NBT रिपोर्ट, नोएडा
सेक्टर-94 के एक गड्ढे में डूबने से हुई एमिटी यूनिवर्सिटी के छात्र हर्षित भट्ट (23) की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों की शिकायत और हत्या की आशंका के बाद सेक्टर-126 थाना पुलिस ने हर्षित के तीन दोस्तों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं और उनसे पूछताछ की जा रही है।
हर्षित की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसके फेफड़ों में अत्यधिक पानी और मिट्टी भर गई थी। पोस्टमॉर्टम तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया और इसकी पूरी विडियो रिकॉर्डिंग भी कराई गई है। पुलिस ने फिलहाल शराब पीने की बात की पुष्टि नहीं की है और सचाई जानने के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया है। एडीसीपी मनीषा सिंह का इस मामले में कहना है कि परिजन की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। मामले में पुलिस जांच कर रही है। तीनों आरोपी स्टूडेंट्स हिरासत में हैं। परिवार वालों को आशंका है कि इन तीनों दोस्तों ने शराब पिलाने के बाद हर्षित को पानी में जाने के लिए फोर्स किया है। जिससे डूबने से उसकी मौत हुई है। हालांकि अभी तक की जांच में पुलिस को ऐसा कोई भी सबूत नहीं मिला है।


