nNBT रिपोर्ट, लखनऊ : आरटीओ के बाबू स्कूली वाहनों को पोर्टल पर दर्ज करवाने में लगे हैं। इससे आवेदक आरसी प्रिंटिंग से लेकर वाहनों से जुड़े कामकाज के लिए परेशान हो रहे हैं। स्कूली वाहनों से होने वाले हादसों पर अंकुश लगाने, उनकी निगरानी व फिटनेस आदि की मॅानिटरिंग के लिए उत्तर प्रदेश एकीकृत स्कूल वाहन प्रबंधन पोर्टल (यूपीआईएसवीएमपी) बनाया गया है। इस पर स्कूली वाहनों का विवरण अपलोड किया जा रहा है। अधिकारियों के साथ-साथ ट्रांसपोर्टनगर आरटीओ के बाबुओं को भी इस ड्यूटी में लगाया गया है। राजधानी में 4,400 स्कूल हैं, जिनमें 1,780 स्कूली वाहन हैं। इनमें से 625 वाहनों का निरीक्षण अफसरों की ओर से किया जा चुका है।


