IMT मानेसर में कंपनियों के बाहर पुलिस का पहरा, कामकाज शुरू

नवभारतटाइम्स.कॉम

आईएमटी मानेसर में कर्मचारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प के बाद 56 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गुरुवार को हुए इस प्रदर्शन में श्रमिकों ने पथराव किया और वाहनों को क्षतिग्रस्त किया। शुक्रवार को भी कंपनियों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। कई कंपनियों में काम शुरू हुआ लेकिन कर्मचारियों की संख्या कम रही।

police presence in imt manesar operations resume amidst low employee turnout

n NBT रिपाेर्ट, गुड़गांव

न्यूनतम वेतन बढ़ाने सहित अन्य मांगों को लेकर गुरुवार को आईएमटी (इंडस्ट्रियल मॉडल टाउनशिप) मानेसर में कर्मचारियों और पुलिस के बीच हुई झड़प में पुलिस ने 56 लोगों को गिरफ्तार किया है। उधर, मानेसर में शुक्रवार को भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके। काफी कंपनियों में काम शुरू हुआ, लेकिन कर्मचारियों की संख्या कम रही। कंपनियों के बाहर और एरिया के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल तैनात रहा। दो अलग-अलग मामलों में पकड़े गए सभी लोगों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

उग्र हो गया था प्रदर्शन : आईएमटी मानेसर में गुरुवार को कर्मचारियों का प्रदर्शन उग्र हो गया था। आरोप है कि श्रमिकों ने कंपनियों पर पथराव कर कई प्राइवेट व सरकारी वाहनों को क्षतिग्रस्त करने के साथ पुलिस की एक बाइक में आग लगा दी थी। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया। इस दौरान करीब 20 श्रमिकों के साथ ही करीब पांच पुलिसकर्मियों को चाेटें आई। आईएमटी मानेसर थाना पुलिस ने सेक्टर-4 स्थित कंपनी के मैनेजर सुरेश कुमार और सेक्टर-7 की प्राइवेट कंपनी के एजीएम रामवीर सिंह की शिकायत पर मामले दर्ज किए थे। पुलिस आरोपियों का पता लगाने के लिए एरिया में लगे सीसीटीवी खंगाल रही है। एटक से कामरेड अनिल पंवार एडवोकेट ने बताया कि पुलिस ने 56 लोगाें को गिरफ्तार कोर्ट में पेश किया गया।