n NBT रिपोर्ट, पटौदी
हेलीमंडी में शुक्रवार सुबह बच्चे और शिक्षक सरकारी स्कूल पहुंचे तो एक युवक का शव देख अफरातफरी मच गई। पता चला कि यहां के राजकीय माध्यमिक विद्यालय में हत्या की गई है। मर्डर किसने और किस वजह से किया, इसका खुलासा नहीं हो सका है।
शुक्रवार सुबह शिक्षकों और बच्चों ने देखा कि स्कूल परिसर के फर्श पर खून फैला था। यहीं एक युवक का शव पड़ा था। इससे स्कूल में अफरातफरी मच गई। स्कूल प्रशासन ने मामले की सूचना शिक्षा विभाग और स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या किसी भारी वस्तु से सिर पर वार कर की गई है। मौके पर फरेंसिक विभाग और डॉग स्क्वाड को बुलाया गया। पता चला कि 20 साल का रवि नौकरी की तलाश कर रहा था। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के ललितपुर का निवासी था। गुड़गांव में परिवार के साथ हेलीमंडी में ही किराए के मकान पर रह रहा था। रवि के पिता का निधन कई साल पहले हो चुका है।


