Bhola.Pandey
@timesofindia.com
n फरीदाबाद : सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र के सेक्टर-37 स्थित एक ओयो होटल में हुए असिस्टेंट मैनेजर सचिन मेहरा हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी मोलड़बंद, दिल्ली निवासी व्यास को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी पंडित अभी फरार है। पुलिस जांच में सामने आया है कि यह हत्या गर्लफ्रेंड से मिलने को लेकर हुए विवाद के चलते की गई। आरोपी व्यास की गर्लफ्रेंड उसी होटल में काम करती है, जहां यह वारदात हुई। बताया जा रहा है कि व्यास युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन व्यास नशे की हालत में होटल पहुंचा और अपनी गर्लफ्रेंड से मिलने की कोशिश करने लगा। इस दौरान काउंटर पर मौजूद होटल कर्मचारी जीतू और असिस्टेंट मैनेजर सचिन मेहरा ने उसे रोक दिया और होटल से बाहर कर दिया। इससे गुस्साए व्यास ने अपने साथियों के साथ मिलकर सचिन मेहरा पर हमला कर दिया और चाकुओं से गोदकर उसकी हत्या कर दी। वह सूर्या विहार पार्ट दो, गली नंबर 7 के रहने वाले थे। इस घटना में पलवल के बड़ौली गांव निवासी सन्नी, मोलड़बंद दिल्ली निवासी व्यास और पंडित शामिल हैं। पुलिस ने चाकू मारने वाले सन्नी को पहले ही गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर चुकी है। एसीपी क्राइम वरुण दहिया ने बताया कि घटना का मुख्य आरोपी व्यास को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसका एक अन्य साथी पंडित अभी फरार है।
चाकू लेकर आया था आरोपी व्यास: एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी व्यास ने बताया कि उसकी गर्लफ्रेंड होटल में नौकरी करती है। वह उस पर काफी समय से शादी करने का दबाव बनाता रहता था। जबकि गर्लफ्रेंड उससे शादी नहीं करना चाहती थी। गुरुवार को वह नशे की हालत में उससे मिलने होटल पहुंचा था। रिसेप्शन पर मौजूद होटलकर्मी जीतू और उसके दोस्त सचिन से गर्लफ्रेंड से मिलने को लेकर विवाद हो गया तो दोनेां ने मिलकर व्यास को होटल से बाहर निकाल दिया। उन्होंने बताया कि घटना में प्रयुक्त चाकू व्यास लेकर आया था।


