Rekha.khan@timesofindia.com
हर साल जिस सूची का दुनिया बेसब्री से इंतज़ार करती है, वह एक बार फिर सामने है। टाइम मैगज़ीन की टाइम100 2026 लिस्ट जारी हो चुकी है। यह सिर्फ 100 नामों का संकलन नहीं, बल्कि उन शख्सियतों का जीवंत दस्तावेज है, जो अपने प्रभाव, सोच और काम से दुनिया की दिशा तय कर रही हैं। इस सूची में ग्लोबल बिजनेसमैन, नेता, कलाकार, इनोवेटर्स और कई प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं, जिनकी पहचान उनकी लोकप्रियता, उपलब्धियों और प्रभाव से तय होती है। इस साल की लिस्ट की खास बात यह है कि इसमें भारतीय और भारतीय मूल के चेहरों की मजबूत मौजूदगी दिखी है।
इन भारतीयों ने बढ़ाया मान
बॉलिवुड स्टार रणबीर कपूर ने भी इस सूची में जगह बनाई है। उनके साथ सेलिब्रिटी शेफ विकास खन्ना का नाम भी शामिल है, जिनकी वैश्विक पहचान और उपलब्धियों ने उन्हें यह मुकाम दिलाया। वहीं भारतीय मूल के नील मोहन , जिन्होंने यूट्यूब को एक साधारण वीडियो प्लेटफॉर्म से आगे बढ़ाकर वैश्विक कंटेंट इकोसिस्टम में बदल दिया, भी इस सूची का हिस्सा हैं। तकनीक के क्षेत्र में सुंदर पिचाई का नाम प्रमुख है, जिनके नेतृत्व में गूगल ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।
आयुष्मान खुराना ने लिखा
रणबीर का प्रोफाइल
दिलचस्प बात यह है कि टाइम मैगज़ीन में रणबीर कपूर का प्रोफाइल अभिनेता आयुष्मान खुराना ने लिखा, जिसमें उन्होंने रणबीर को ऐसा कलाकार बताया है, जो सिर्फ विरासत नहीं पाते, बल्कि अपनी कला से उसे गढ़ते हैं और बॉक्स ऑफिस की सीमाओं से आगे जाकर अपनी अलग पहचान बनाते हैं।


