n NBT रिपोर्ट, लखनऊ
शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में नगर निगम ने एक और कदम बढ़ाया है। बुधवार को चिनहट द्वितीय (वॉर्ड संख्या 66) में रोड स्विपिंग का कार्य विधिवत शुभारंभ किया गया। क्षेत्रीय पार्षद शैलेंद्र वर्मा ने सफाई कर्मियों और कचरा कलेक्शन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर उसे रवाना किया।
अभियान की शुरुआत के दौरान पार्षद शैलेंद्र वर्मा ने खुद झाड़ू लगाकर सफाई मित्रों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि सफाईकर्मी हमारे शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके समर्पण और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छता रैंकिंग में नंबर-1 बनाया जा सकता है। उन्होंने जनता से भी अपील की कि वे इस अभियान में सहयोग करें और कूड़ा इधर-उधर न फेंकें। इस नई व्यवस्था की जिम्मेदारी ' लखनऊ स्वच्छता अभियान ' संस्था को सौंपी गई है। संस्था अब वाॅर्ड के मुख्य मार्गों के साथ-साथ तंग गलियों और आंतरिक सड़कों की भी नियमित सफाई करेगी। वहीं कार्यक्रम के दौरान एलएसए के नॉर्थ इंडिया हेड अभय रंजन, सफाई निरीक्षक डॉ. राकेश कुमार, जोनल इंचार्ज राजकरन सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


