NBT रिपोर्ट, मेरठ: तलाक के बाद ढोल-नगाड़ों के साथ घर वापसी को लेकर सुर्खियों में आईं प्रणिता वशिष्ठ ने पूर्व पति मेजर गौरव अग्निहोत्री के आरोप ों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। पूर्व पति ने आरोप लगाया था कि प्रणिता उनसे महंगे सामानों की डिमांड करती थी। प्रणिता के पिता, रिटायर्ड जिला जज डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि बेटी का स्वागत किसी का मजाक उड़ाने के लिए नहीं, बल्कि उसे मानसिक आघात से बाहर निकालने के उद्देश्य से किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरी ओर से सोशल मीडिया पर अभद्र भाषा का प्रयोग कर महिला सम्मान को ठेस पहुंचाई गई। परिवार ने करोड़ों के लेन-देन के दावों को भी खारिज करते हुए कहा कि अदालत में स्वयं गौरव ने सीमित खर्च स्वीकार किया था। साथ ही प्रणिता ने किसी प्रकार का गुजारा भत्ता न लेने की बात कही थी। वहीं, मेजर के पिता रिटायर्ड सूबेदार श्याम किशोर अग्निहोत्री ने पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि मीडिया में बयानबाजी और जश्न मनाकर समझौते की शर्तों का उल्लंघन हुआ है।



